भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में अभाविप का जोरदार प्रदर्शन मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी

भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में अभाविप का जोरदार प्रदर्शन

मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी

डीजे न्यूज, धनबाद: जेपीएससी एवं जेएसएससी की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितताओं एवं परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के नेतृत्व में शनिवार को बड़ी संख्या में छात्र एवं कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मार्च कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रांची पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए । स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद पुलिस ने कई अभाविप कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारीयों को हिरासत में लिया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि झारखंड के लाखों छात्र वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। अभाविप की मांग है कि जिन परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, उनकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द कर पुनः पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से परीक्षा आयोजित की जाए।

इसी क्रम में अभाविप धनबाद महानगर द्वारा रणधीर प्रसाद वर्मा चौक पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का पुतला दहन कर परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार से प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा छात्रों के हित में ठोस एवं स्थायी सुधार करने की मांग की।

अभाविप प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंशु तिवारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता छात्रों का अधिकार है। अपनी जायज मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वाले अभाविप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना समस्या का समाधान नहीं है। सरकार को छात्रों की आवाज सुनकर परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभाविप छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
अभाविप ने सरकार से मांग की कि गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं के मामले में उचित कार्रवाई की जाए, छात्रों की मांगों पर तत्काल संवाद स्थापित किया जाए तथा परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
मौके पर मुख्य रूप से अंशु तिवारी, जयेश राठौर, संगीता कुमारी, विक्की ठाकुर, प्रियांशु, करीना कुमारी, अमित तिवारी,  गौरव कुमार, विशाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top