बीएसएम स्कूल में दो दिवसीय मेगा आई चेकअप शिविर का शुभारंभ, 400 बच्चों की आंखों की होगी जांच
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बच्चों में बढ़ती आंखों की समस्याओं को देखते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन एवं रोटरी क्लब गिरिडीह की ओर से बीएसएम स्कूल में दो दिवसीय मेगा आई चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 400 विद्यार्थियों की निःशुल्क नेत्र जांच करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या संगीता सिंह ने इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की अध्यक्ष राखी जुनझुनवाला, पीडीसी पूनम सहाय, रोटरी क्लब गिरिडीह के अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता एवं सचिव मनीष कुमार बर्णवाल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं सम्मान कर किया। प्राचार्या ने दोनों संस्थाओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर होने वाले ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से बच्चों की समस्याओं की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही की जा सकती है।
क्लब अध्यक्ष राखी जुनझुनवाला ने कहा कि मोबाइल, ऑनलाइन पढ़ाई और गेम्स के कारण बच्चों का स्क्रीन टाइम लगातार बढ़ रहा है। इसके कारण कम उम्र में ही आंखों से जुड़ी परेशानियां देखने को मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की आंखों की नियमित जांच और उन्हें आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक करना जरूरी है। क्लब की ओर से भविष्य में भी विद्यालयों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।
पीडीसी पूनम सहाय ने विद्यार्थियों को आंखों की सुरक्षा के लिए स्क्रीन टाइम नियंत्रित करने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा आंखों की नियमित देखभाल करने की सलाह दी।
इस अवसर पर आईपीपी कविता राजगढ़िया, वाइस प्रेसिडेंट स्मृति आनंद, सचिव संगीता सिन्हा, सदस्य अंजू सिन्हा, पूजा जमुआर एवं ससी जैन उपस्थित थीं।
शिविर रोटरी की अत्याधुनिक आई चेकअप वैन के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। दो दिनों में करीब 400 विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।