वार्ड 11 के पार्षद बदरी रविदास पर घिरा विवाद
पूर्व प्रत्याशी ने सदस्यता समाप्त करने की उठाई मांग
डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निगम के वार्ड नंबर 11 के पार्षद बदरी रविदास की सदस्यता रद्द करने की मांग अब खुलकर सामने आ गई है। वार्ड नंबर 11 के पूर्व पार्षद प्रत्याशी प्रहलाद कुमार ने प्रेस वार्ता कर पार्षद बदरी रविदास पर निशाना साधते हुए उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रहलाद कुमार ने दावा किया कि वर्ष 2011 के चर्चित मटकुरिया गोलीकांड मामले में धनबाद की जिला एवं सत्र अदालत ने 10 जुलाई 2026 को फैसला सुनाते हुए बदरी रविदास समेत कई लोगों को तीन-तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। इसी फैसले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि दोषसिद्धि के बाद संबंधित प्रावधानों के तहत पार्षद की सदस्यता पर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रहलाद कुमार ने कहा कि इस मामले को लेकर वे नगर विकास मंत्री से भी मिल चुके हैं और पूरे घटनाक्रम से उन्हें अवगत कराया है। साथ ही धनबाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर बदरी रविदास की सदस्यता रद्द करने तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक सक्षम प्राधिकारी कोई निर्णय नहीं लेता, तब तक बदरी रविदास को नगर निगम की बोर्ड बैठकों में शामिल नहीं होने दिया जाए।
हालांकि, इस पूरे मामले में नगर निगम प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, पार्षद बदरी रविदास का पक्ष भी फिलहाल प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रसारित किया जाएगा।