केजीबीवी बेंगाबाद में छात्राओं ने पढ़ा साइबर सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण का पाठ
डीजे न्यूज, गिरिडीह : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), बेंगाबाद में जिला समाज कल्याण शाखा की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही पौधारोपण कर हरित भविष्य का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण से हुई, जहां छात्राओं और अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह पौधों का संरक्षण आवश्यक है, उसी तरह प्रत्येक बालिका की शिक्षा, सुरक्षा और समग्र विकास भी समाज की साझा जिम्मेदारी है।
साइबर सुरक्षा सत्र में छात्राओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक एवं कॉल से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें ओटीपी, बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही 1930 साइबर हेल्पलाइन और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
बाल विवाह रोकथाम पर आयोजित विशेष सत्र में छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी दी गई। बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध होने के साथ-साथ बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। छात्राओं से अपील की गई कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी प्रशासन, पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को दें और समाज में जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना समेत महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण शाखा के बिक्कु कुमार यादव, विकास कुमार एवं नीलम मंडल उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं से सुरक्षित डिजिटल जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।