जेपीएससी-जेएसएससी पेपर लीक के विरोध में जेएलकेएम ने दिया धरना
जरूरत पड़ी तो विधानसभा तक होगा आंदोलन: जयराम महतो
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने धनबाद के मेमको मोड़ स्थित शहीद मनींद्र नाथ मंडल की प्रतिमा के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना में मुख्य रूप से डुमरी विधायक जयराम महतो शामिल हुए। इस दौरान आंदोलनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धरना को संबोधित करते हुए डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों का मनोबल बढ़ाना और उनके संघर्ष को समर्थन देना है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो JLKM रांची कूच कर विधानसभा के समक्ष भी जोरदार आंदोलन करेगा।
जयराम महतो ने आरोप लगाया कि राज्य की जांच एजेंसी सीआइडी अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है, इसलिए पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार युवाओं को निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया नहीं दे पा रही है तो उसे जवाबदेही तय करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा एजेंसियों को लेकर भी कई आरोप लगाए।