श्रीराम ईपीसी ने 16 कर्मियों का बकाया 17.29 लाख का किया भुगतान
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला प्रशासन के सख्त निर्देश के आलोक में श्रीराम ईपीसी ने सोमवार को बलियापुर में कार्यरत अपने कर्मियों के बकाये पारिश्रमिक का पूर्ण भुगतान कर दिया। श्रीराम ईपीसी ने समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह तथा उप विकास आयुक्त सन्नी राज की उपस्थिति में अपने 16 कर्मचारियों का ₹17,29,000 (सत्रह लाख उनतीस हजार रुपये) की राशि का भुगतान किया।
इस संबंध में उप विकास आयुक्त ने बताया कि श्रीराम ईपीसी से बकाया राशि मिलने से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में बेहद खुशी का माहौल है। कर्मचारियों ने जिला प्रशासन की पहल और श्रीराम ईपीसी प्रबंधन के इस कदम के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए आभार जताया है।
उन्होंने बताया कि आज श्रीराम ईपीसी के बलियापुर पेयजलापूर्ति योजना में कार्यरत निमय चंद्र कुंभकार को 1,35,000, अन्नू रंजन कुमार को 1,26,000, दीपक कुमार महतो को 1,30,000, दीपक कुमार को 1,26,000, रोहन लाल महतो को 1,17,000, दिलीप कुमार रजक को 1,17,000, सुजय कुमार दास को 1,17,000, अनिल कुमार को 1,08,000, डेविड कुमार मल्लिक को 1,56,000, रोहित मल्लिक को 1,08,000, दीपक कुमार यादव को 60,000, लक्ष्मण महतो को 1,17,000, शुभम कुमार को 60,000, पिंटू सरखेल को 1,17,000, विकास हाड़ी को 81,000 तथा बिकाश कुमार महतो को 54,000 सहित 17,29,000 रुपए का भुगतान किया है।
मौके पर पीएचईडी 2 के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल, बलियापुर प्रखंड के प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, मुखिया, सिंदरी विधायक के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद थे।
गौरतलब है कि उप विकास आयुक्त ने गत 15 मई को जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा के क्रम में बलियापुर फेज 1, मोहिलिडीह लटानी रूपण ग्रामीण जलापूर्ति योजना तथा टुंडी फेज 1 जलापूर्ति योजना की समीक्षा के दौरान श्री राम ईपीसी के कार्य के प्रति लापरवाही एवं कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी प्रकट की थी। इस क्रम में ज्ञात हुआ कि कंपनी ने उनके कर्मियों का पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किया है। बैठक में उप विकास आयुक्त ने कंपनी के डीजीएम को कर्मियों का बकाया भुगतान कर जलापूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया था। परिणामस्वरूप आज सभी 16 कर्मियों को उनका बकाया भुगतान मिल गया।