सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा धनबाद
अहले सुबह से जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतारें
डीजे न्यूज, धनबाद: सावन की पहली सोमवारी पर धनबाद के सभी प्रमुख शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए लगी रहीं। पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
धनबाद के लिलोरी स्थान, भूईफोड़ मंदिर, खड़ेश्वरी मंदिर समेत शहर के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कांवरिए और शिवभक्त पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचे और पूरे विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की खुशहाली, संतान की उन्नति, सुख-समृद्धि और समाज में शांति की प्रार्थना की। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन की ओर से भी पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।
सावन की पहली सोमवारी पर धनबाद के शिवालयों में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से देर तक भक्तों की भीड़ भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ती रही। शिवभक्तों का विश्वास है कि सावन में सच्चे मन से की गई पूजा से भोलेनाथ सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।