शराब दुकान हटाने को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, प्रशासन ने लिया दो दिन का समय
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): पीरटांड़ के आवासीय क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने दुकान के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन में महिलाओं और ग्रामीणों ने शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई। बाद में उत्पाद विभाग की ओर से दो दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर आंदोलन समाप्त कर दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लगभग 20 दिन पहले भी इसी मांग को लेकर धरना दिया गया था। उस समय भी विभागीय अधिकारियों ने निर्धारित समय में दुकान हटाने का भरोसा दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
धरना में प्रमुख सबिता टुडू, मुखिया सोमरा हेंब्रम, भाजपा नेता श्याम प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। लोगों का कहना था कि आवासीय क्षेत्र में शराब दुकान होने से शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं होती हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरना की सूचना पर पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और उत्पाद विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। विभाग द्वारा दो दिन में उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में दुकान नहीं हटाई गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।