आईआईटी (आईएसएम) में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन का आयोजन
500 से अधिक युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प
डीजे न्यूज, धनबाद: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat), धनबाद द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत रविवार को आईआईटी (आईएसएम), धनबाद के ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सफलतापूर्वक सीधा प्रसारण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी (आईएसएम) के छात्र-छात्राओं, माइ भारत स्वयंसेवकों, युवा क्लबों के सदस्यों सहित 500 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज तथा राष्ट्र की प्रगति में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने मेरा युवा भारत (MY Bharat) तथा उससे जुड़े स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के चंगुल से बाहर निकालने में परिवार, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा पूरे समाज की सामूहिक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के समन्वित प्रयासों से वर्ष 2047 तक एक विकसित एवं नशा मुक्त भारत का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी युवाओं ने MY Bharat पोर्टल (mybharat.gov.in) के माध्यम से “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” डिजिटल संकल्प लिया तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिली। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेश ने उपस्थित युवाओं, विशेषकर Gen Z, को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने नशा उन्मूलन हेतु निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, धनबाद के उप निदेशक सूर्यकांत कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से सभी छात्र-छात्राओं तथा MY Bharat स्वयंसेवकों को “नशा मुक्ति शपथ” दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशा मुक्त बनाने तथा जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत, धनबाद के उप निदेशक सूर्यकांत कुमार सहित आईआईटी (आईएसएम), धनबाद के प्रो. शरत कुमार दास (उप निदेशक), प्रो. धीरज कुमार (पूर्व उप निदेशक एवं हेड, नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन सेंटर), प्रो. संजय मंडल (डीन, स्टूडेंट वेलफेयर), प्रो. रजनी सिंह (डीन, इंटरनेशनल रिलेशंस), प्रो. एस. के. साहू (एसोसिएट डीन, स्टूडेंट वेलफेयर), प्रो. एल. ए. कुमारस्वामीधास (एसोसिएट डीन, हॉस्टल मैनेजमेंट), प्रो. उमाकांत त्रिपाठी (एसोसिएट डीन, स्टूडेंट वेलफेयर एवं स्टूडेंट्स एक्टिविटीज), प्रो. जयसिंह थंगराज (एसोसिएट डीन, इन्फ्रास्ट्रक्चर) तथा शुभीश शाह (अकाउंट्स एवं प्रोग्राम असिस्टेंट, MY Bharat, धनबाद) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
आईआईटी (आईएसएम), धनबाद एवं मेरा युवा भारत, धनबाद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा। यह आयोजन “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” के उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँचाने तथा युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।