शिक्षा, नशामुक्ति एवं सामाजिक सुधार पर हुआ मंथन

शिक्षा, नशामुक्ति एवं सामाजिक सुधार पर हुआ मंथन

डीजे न्यूज, धनबाद: यादव चेतना मंच की बैठक रविवार को बुधनी हटिया बाजार के समीप स्थित योगा भवन, भूली नगर, धनबाद में हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ सदस्य दुलारचंद यादव ने की।

बैठक में समाज की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य को लेकर गंभीर चर्चा की गई। प्रमुख विचारणीय बिंदुओं में समाज की दिशा-दशा, शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रयास, समाज में व्याप्त नशापान की समस्या तथा अन्य सामाजिक मुद्दे शामिल रहे।
वक्ताओं ने निर्धारित विषयों पर अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समाज को आगे बढ़ाना है तो शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। वक्ताओं ने इस बात पर चिंता जताई कि पारंपरिक खटाल व्यवसाय के कारण कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वे शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए व्यवसाय में सकारात्मक बदलाव लाने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक के दौरान लोगों ने प्रसिद्ध उक्ति— “पूत सपूत तो का धन संचय, पूत कपूत तो का धन संचय” — का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवार का वास्तविक भविष्य बच्चों की अच्छी शिक्षा और संस्कार में निहित है। सभी उपस्थित सदस्यों ने बच्चों को शिक्षित बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया।

समाज में बढ़ती नशापान की प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की गई। निर्णय लिया गया कि विभिन्न सामाजिक गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में यादव चेतना मंच के सदस्यों ने समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक बुराइयों एवं कुरीतियों को समाप्त करने तथा सामाजिक एकता एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर गोपाल यादव, नंदकिशोर सिंह, जगदीश कुमार राय, जागेश्वर यादव, दिलीप कुमार यादव, पंकज कुमार, राम लखन कुमार यादव, देवेंद्र यादव, रंजीत कुमार यादव, सुरेंद्र यादव, योगेश्वर महतो, सुनील कुमार यादव, बासुदेव प्रसाद यादव, दिनेश यादव, राजकुमार यादव, कमलदेव यादव, कमलेश यादव, उपेंद्र कुमार यादव, मोहित कुमार यादव, कुलदीप यादव, रंजीत यादव, आदित्य कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top