कतरास की खबरें:-

कतरास की खबरें:-

कतरास थाना चौक में झमाडा का पाइप क्षतिग्रस्त, जलापूर्ति प्रभावित

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान थाना चौक स्थित हनुमान मेंशन एवं बबन सिंह की चाय दुकान के समीप झमाडा की 6 इंच और 4 इंच की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। इसके चलते भगत मोहल्ला, सब्जी पट्टी, गुजराती मोहल्ला समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित है।
जेसीबी से सफाई करने के दौरान यह स्थिति उत्पन्न हुई है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना झमाडा तेतुलमारी के अधिकारियों को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए झमाडा के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं सचिव ने तत्काल क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। शनिवार को जूनियर इंजीनियर करवन कुमार एवं रजनीश उपाध्याय की देखरेख में आधा दर्जन से अधिक मजदूरों ने थाना चौक में मरम्मत कार्य शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। तब तक लोगों से दूषित पानी का उपयोग नहीं करने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
——————————————–

मजदूर नेता बढ़न दास का मना बलिदान दिवस
कतरास:
ईस्ट कतरास व छाताबाद पांच नंबर में शनिवार को मजदूर नेता बढ़न दास का बलिदान दिवस मनाया गया। दोनों जगहों पर स्वजन द्वारा पूजा अर्चना के बाद माल्यार्पण किया गया। छोटे पुत्र राजकुमार दास सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित किया। राष्ट्रीय भुइयां विकास समिति के अध्यक्ष गणेश भुइयां, महामंत्री इंद्रदेव भुइयां तथा कार्यकारी अध्यक्ष रामलखन राम ने कहा कि आज समाज में शिक्षा को लेकर नई क्रांति लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ बेटों को भी स्कूल भेजें। स्वस्थ समाज के निर्माण को लेकर हमें बच्चों को शिक्षा की ओर अग्रसित करना होगा। मौके पर विकास बजरंगी, राजेंद्र प्रसाद, अर्जुन भुइयां, सीताराम भुइयां, लखन भुइयां, अशोक भुइयां, रेणू कुमारी, किस्मत भुइयां, रंजीत बाउरी, कौशल्या देवी आदि मौजूद थे।
——————————————

निचितपुर में 4 से 11 अगस्त तक श्रीमदभागवत कथा यज्ञ
कतरास: कतरास के निचितपुर स्टेशन रोड में 4 अगस्त से 11 अगस्त तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान गंगा यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राधा-कृष्ण कृपा धाम एवं निचितपुर वासियों के संयुक्त तत्वावधान में होगा। इसकी जानकारी भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने शनिवार को दी।
उन्होंने बताया कि कथा का आयोजन सुरेंद्र हरिदास महाराज के सानिध्य में किया जाएगा। श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से 7:00 बजे तक सुरेंद्र हरिदास महाराज श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 4 अगस्त की सुबह भव्य तुलसी कलश शोभायात्रा के साथ होगी। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा, जबकि 12 अगस्त को महाप्रसाद भंडारे का आयोजन होगा। आयोजन को सफल बनाने में हलधर महतो, मेघनाथ महतो, भीम महतो, सीमत महतो, निर्मल सिंह, अमरदीप महतो, लखी साव, सुनील साव, अशोक वर्णवाल, शंकर कुमार राणा, निर्मल कुमार, राजकुमार चौहान, राजेश गुप्ता, अभिजीत विश्वकर्मा, विनोद राम, संजय चौरसिया एवं सुनील भगत सहित कई लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
—————————————–
बाइक के धक्के से छात्रा जख्मी

सिजुआ: जोगता थाना क्षेत्र के टाटा सिजुआ 12 नंबर के समीप स्थित शीतला मंदिर के पास सड़क पर शनिवार को बाइक ने छात्रा रिया मंडल को धक्का मार दिया। घटना में रिया जख्मी हो गई। भेलाटांड़ फीडर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए जख्मी को असर्फी अस्पताल धनबाद ले गए। स्थानीय लोगों ने बाइक सहित चालक को पकड़ लिया है। भेलाटांड़ निवासी छात्रा शहीद शक्तिनाथ महतो इंटर कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान घटनास्थल के पास लोयाबाद न्यू ड्रीफ्ट निवासी बाइक चालक ने उसे धक्का मार दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top