सिहोडीह पाम ऑयल चोरी कांड का खुलासा, अंतरप्रांतीय गिरोह के तीन अपराधी गिरफ्तार 

सिहोडीह पाम ऑयल चोरी कांड का खुलासा, अंतरप्रांतीय गिरोह के तीन अपराधी गिरफ्तार 

246 टन तेल चोरी मामले में 10 टन पाम ऑयल, पिकअप और मोबाइल बरामद, कई पुरानी वारदातों का भी खुलासा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सिहोडीह स्थित पाम ऑयल गोदाम से 246 टन पाम ऑयल चोरी के चर्चित मामले में गिरिडीह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष जांच टीम ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, 10 टन प्राइम गोल्ड ब्रांड पाम ऑयल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले का खुलासा शनिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता में किया।

एसपी ने बताया कि 21-22 जुलाई 2026 की रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित गोदाम से बड़े पैमाने पर पाम ऑयल चोरी हुआ था। घटना के बाद मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 206/2026 दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोलू कुमार उर्फ गोलू यादव (27), रूपेश कुमार यादव (22) और कृष्णा यादव (19) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने दिसंबर 2024 से मई 2026 के बीच इसी गोदाम से कई बार पाम ऑयल चोरी करने की बात स्वीकार की। साथ ही पिछले दो-तीन वर्षों में गिरिडीह शहर और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। एसपी ने बताया कि गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

प्रेस वार्ता में एसपी ने आम लोगों से अपील की कि चोरी, लूट या छिनतई जैसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल गिरिडीह पुलिस या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ (सदर) जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, विशेष जांच टीम के पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top