जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती विवाद पर भाजपा का प्रदर्शन, गिरिडीह में मशाल जुलूस निकालकर पारदर्शी जांच की उठाई मांग

जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती विवाद पर भाजपा का प्रदर्शन, गिरिडीह में मशाल जुलूस निकालकर पारदर्शी जांच की उठाई मांग

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जेपीएससी-जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को गिरिडीह में मशाल जुलूस निकाला। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर महानगर जिलाध्यक्ष रंजित कुमार राय के नेतृत्व में झंडा मैदान से टावर चौक तक निकाले गए जुलूस में भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा शामिल हुए।

मशाल जुलूस के दौरान प्रतिभागियों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, युवाओं के अधिकारों की सुरक्षा और कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर नारे लगाए। टावर चौक पहुंचकर आयोजित सभा में राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भविष्य में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजित कुमार राय ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं पर लगातार उठ रहे सवालों से राज्य के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

भाजयुमो प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने JPSC एवं JSSC-CGL भर्ती प्रक्रिया को लेकर लगे आरोपों का उल्लेख करते हुए संबंधित परीक्षा को रद्द कर नई और पारदर्शी परीक्षा कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की जवाबदेही तय करने की बात कही।

भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान है और युवाओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। वहीं जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल ने कहा कि यह आंदोलन लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य की रक्षा के लिए है और भाजपा युवाओं के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं ने JPSC एवं JSSC से जुड़े कथित मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू करने की मांग दोहराई। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दूबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश यादव, विनय सिंह, चुन्नू कांत, नवीन सिन्हा, संदीप डायणगच, सिकंदर हेम्ब्रम, प्रो. विनीता कुमारी, संजू देवी, दीपक यादव, डॉ. शैलेन्द्र चौधरी सहित भाजपा और भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top