बिहार से लौटते ही मिला टूटा ताला, झारियागादी में डेढ़ लाख की चोरी से सनसनी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झारियागादी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी तब हुई जब घर की मालकिन बिहार से लौटकर अपने घर पहुंचीं।
जानकारी के अनुसार झारियागादी निवासी पिंकी देवी 22 जुलाई को अपने परिवार के साथ बिहार गई थीं। गुरुवार रात पड़ोसियों ने फोन कर उनके घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद शुक्रवार को घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट और कमरे का ताला टूटा हुआ था तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़िता के मुताबिक चोर मांग का टीका, चांदी की चेन, चांदी का पायल, कमरखोस, सिंदूर, कांसे के बर्तन तथा घर में रखे 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना को लेकर पिंकी देवी ने मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।