धनबाद कोर्ट पहुंचे विधायक जयराम महतो, सियालजोरी केस में अदालत में हुए पेश
गलत तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होना स्वाभाविक है: जयराम महतो
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो शुक्रवार को सियालजोरी इलेक्ट्रो स्टील धरना मामले में धनबाद व्यवहार न्यायालय पहुंचे। कोर्ट में पेशी के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने खिलाफ दर्ज केस, जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन और धनबाद में हाल ही में हुई ईडी की कार्रवाई पर खुलकर अपनी बात रखी।
जयराम महतो ने कहा कि सियालजोरी स्थित इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान बनी परिस्थितियों के बाद दर्ज प्राथमिकी में उनका नाम केवल पोस्टर में होने की वजह से शामिल कर दिया गया। इसी कारण उन्हें आज न्यायालय में उपस्थित होना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है, फिर भी वे कानून का सम्मान करते हैं और न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग दे रहे हैं।
रांची में चल रहे जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन पर जयराम महतो ने कहा कि छात्रों ने स्पष्ट रूप से तय किया था कि आंदोलन के मंच पर किसी भी राजनीतिक दल या नेता को जगह नहीं दी जाएगी। छात्रों के इस निर्णय का सम्मान करते हुए उन्होंने मंच साझा नहीं किया, लेकिन छात्रों की मांगों के समर्थन में हरसंभव सहयोग किया। उन्होंने कहा कि देवेंद्र नाथ महतो लगातार इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं और छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
वहीं धनबाद में ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम महतो ने कहा कि जिन लोगों ने गलत तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित की है, उनके खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई होना स्वाभाविक है। इस दौरान उन्होंने धनबाद के सांसद ढुलू महतो पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि किसी को ईडी की कार्रवाई से बचना है तो दिल्ली जाकर एनडीए का दामन थाम लेना चाहिए। जयराम महतो के इस बयान के बाद एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाज़ी तेज होने की संभावना है।