उपायुक्त ने मिड डे मील में गुणवत्ता बनाए रखने का दिया निर्देश एमडीएम में रागी लड्डू शामिल करने का प्रस्ताव

उपायुक्त ने मिड डे मील में गुणवत्ता बनाए रखने का दिया निर्देश

एमडीएम में रागी लड्डू शामिल करने का प्रस्ताव

डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को ‘पीएम पोषण’ योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय स्टेयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना की प्रगति, भोजन की गुणवत्ता और पारदर्शिता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। साथ में भोजन पकाने के स्थान और उपयोग किए जाने वाले बर्तनों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने रसोइयों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने, सरकार द्वारा निर्धारित साप्ताहिक मीनू के अनुसार ही बच्चों को ताजा और पौष्टिक भोजन परोसने का निर्देश दिया।

उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को प्रतिदिन जिला एवं प्रखंड स्तर पर मिड डे मील की निगरानी करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सप्ताह के 2 दिन मिड डे मील में बच्चों को रागी लड्डू देने का प्रस्ताव दिया। कहा कि यह बच्चों की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद रहेगा। स्वाद के साथ-साथ बच्चों को भरपूर ऊर्जा और पोषण मिलेगा।

उपायुक्त ने शत प्रतिशत विद्यालयों में पोषण वाटिका स्थापित करने का भी निर्देश दिया। साथ-साथ कहा कि सभी विद्यालयों में जिले से प्राप्त फलदार पौधे का रोपण सुनिश्चित करें। विद्यालय से ऐसे व्यक्ति को नामित करें जो व्यक्तिगत रुचि लेकर पौधे की देखभाल करें।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने बच्चों के बीच प्लेट-थाली वितरण, विद्यालयों का ऑडिट सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा की।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top