जिला प्रशासन की खबरें:
उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी आमजनों की समस्याएं
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याएं सुनीं।
जनता दरबार में भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेंशन, अबुआ आवास, राशन कार्ड, पेयजल, विद्युत, विस्थापन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।
जनता दरबार के दौरान कई मामलों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समाधान कराया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदकों को उचित राहत उपलब्ध कराई जाए।
———————————————–
बाघमारा विधानसभा में 100% डिजिटाइजेशन पूरा
धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) में 43-बाघमारा विधानसभा क्षेत्र ने अपने सभी 355 मतदान केंद्रों के तीन लाख 3 हजार 288 मतदाताओं का 100% डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया है। इस शानदार प्रदर्शन के लिए बाघमारा विधानसभा की टीम को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने विशेष बधाई दी है।
इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि ज़िले में कुल 2,372 मतदान केंद्र के 21 लाख 15 हजार 997 मतदाताओं में से 21 लाख 2 हजार 656 (99.37%) मतदाताओं के डिजिटाइजेशन का काम पूरा हो चुका है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि टुंडी विधानसभा में 99.95%, निरसा में 99.91%, झरिया में 99.53%, सिंदरी में 99.46% एवं धनबाद विधानसभा में 98.02% मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूरा हो गया है।
उन्होंने बताया कि धनबाद जिले के 100% मतदाताओं का डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा में पूरा हो जाएगा।