छात्रों के समर्थन में सड़क से सदन तक लड़ेगा जेएलकेएम : जयराम महतो
डीजे न्यूज, धनबाद : जेपीएससी और जेएसएससी में कथित धांधली के विरोध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने आंदोलन को और धार देने का फैसला किया है। मंगलवार को धनबाद के तोपचांची स्थित एक होटल में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक जयराम महतो की अध्यक्षता में कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि रांची के बापू वाटिका में छात्रों द्वारा चलाए जा रहे सत्याग्रह आंदोलन को जेएलकेएम पूर्ण समर्थन देगा। इसके तहत बुधवार को आयोजित संविधान पदयात्रा में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
जयराम महतो ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए जेएलकेएम हर स्तर पर आवाज उठाएगी।
उन्होंने आगामी मानसून विधानसभा सत्र के दौरान जेएलकेएम के बैनर तले बड़े आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बैठक में आंदोलन की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई और इसे राज्यव्यापी बनाने की रणनीति तैयार की गई।