+2 जिला स्कूल अजीडीह में नई विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन, पिंकी देवी को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
दो वर्षों के लिए बनी 25 सदस्यीय एसएमसी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन पर रहेगा विशेष फोकस
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत सरकार के निर्देशों एवं झारखंड सरकार की विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) गाइडलाइंस के तहत मंगलवार को +2 जिला स्कूल अजीडीह में 25 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से पिंकी देवी को समिति का अध्यक्ष तथा उपेन्द्र उपाध्याय को उपाध्यक्ष चुना गया। समिति का कार्यकाल दो वर्षों का होगा।
विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक में पोषक क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों से आए अभिभावकों ने भाग लिया। समिति का गठन निर्धारित नियमों एवं गाइडलाइंस के अनुरूप किया गया।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार के प्रतिनिधि कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति विकेंद्रीकृत शासन की महत्वपूर्ण कड़ी है, जो शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालय के विकास में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करती है। उन्होंने समिति से विद्यालय में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सभी बच्चों का नामांकन, शिक्षक-छात्रों की नियमित उपस्थिति तथा प्रत्येक पीरियड में पढ़ाई सुनिश्चित कराने पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार गिरिडीह को शिक्षा का हब बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
पर्यवेक्षक बिनोद कुमार सिंह ने अभिभावकों से बच्चों को अनावश्यक मोबाइल फोन नहीं देने की अपील की। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य डेगन रविदास ने विधायक प्रतिनिधि कृष्ण मुरारी शर्मा को शॉल एवं बुके देकर सम्मानित किया।
समिति में ब्लू देवी, छोटी वर्मा, मालती देवी, आशा देवी, सत्यनारायण वर्मा, दिलीप शर्मा, रोहित कुमार चौबे, वीणा देवी, रेखा देवी, हीरामुनी बास्के, छोटेलाल मुर्मू, सोनालाल टुडू, बिन्दु कुमारी, कविता देवी, सुरेश दास, पिताम्बर साव, शैम्पू देवी सहित अन्य सदस्यों को सर्वसम्मति से चुना गया। उप प्रमुख सौरभ कुमार, वीणा एक्का एवं मनोज कुमार स्वर्णकार को भी समिति का सदस्य बनाया गया, जबकि प्राचार्य डेगन रविदास पदेन सचिव होंगे।
कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि नरेश यादव, दिलीप उपाध्याय, संतोष प्रजापति, दीपक पंडित, पूर्व अध्यक्ष शेखर शर्मा, मुकेश कुमार, शिक्षिका वंदना कुमारी, पप्पू कुमार चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।