टुंडी के कमलपुर जंगल में एकाकी जीवन जी रहे सुरेंद्र सोरेन की मदद के लिए आगे आया प्रशासन उपायुक्त के निर्देश पर बीडीओ ने तत्काल पहुंचाई सहायता

टुंडी के कमलपुर जंगल में एकाकी जीवन जी रहे सुरेंद्र सोरेन की मदद के लिए आगे आया प्रशासन

उपायुक्त के निर्देश पर बीडीओ ने तत्काल पहुंचाई सहायता

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद): विभिन्न मीडिया माध्यमों में टुंडी प्रखंड के कमलपुर जंगल में पिछले 15 वर्षों से एकाकी एवं साधनहीन जीवन व्यतीत कर रहे 75 वर्षीय सुरेंद्र सोरेन से संबंधित खबर को धनबाद जिला प्रशासन ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ संज्ञान में लिया  है।

​मामला संज्ञान में आते ही उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी टुंडी विशाल पांडेय को स्थल का निरीक्षण कर तत्काल राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सुरेंद्र सोरेन को सूखा राशन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री (चावल, दाल, आटा, नमक आदि) उपलब्ध कराई। साथ ही बारिश एवं मौसम से बचाव हेतु उनकी झोपड़ी की तत्काल मरम्मती कराई गई तथा रहने योग्य सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके अलावा कपड़े, कंबल एवं दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्यों ने कई बार सुरेंद्र सोरेन को घर वापस लाने की कोशिश की, लेकिन हर बार उन्होंने मना कर दिया। हालांकि परिवार ने उन्हें पूरी तरह अकेला नहीं छोड़ा है। समय-समय पर परिजन जंगल पहुंचकर उनका हालचाल जानते रहते हैं और उन पर नजर रखते हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि जल्द उनके परिवार से संपर्क कर अपने साथ ले जाने हेतु बातचीत की जाएगी।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सुरेंद्र सोरेन को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले सभी लाभ से जोड़ने हेतु आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि उन्हें आगे भी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने कहा कि ​जिला प्रशासन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने और जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने हेतु पूरी तरह कटिबद्ध है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top