कतरास में निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, जलनिकासी व्यवस्था को किया गया सुगम
डीजे न्यूज, धनबाद: नगर आयुक्त आशीष गंगवार के निर्देशानुसार धनबाद नगर निगम द्वारा कतरास थाना मोड़ से कतरास रेलवे स्टेशन तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर अवस्थित लगभग 500 मीटर लंबे मुख्य नाला पर किए गए अतिक्रमण को हटाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान इंफोर्समेंट टीम द्वारा नाले के ऊपर किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण, जिनमें दुकानों के आगे बनाए गए स्लैब, अवैध निर्माण एवं अन्य बाधाओं को हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी मशीन एवं निगम के कर्मियों की सहायता से कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नाले की व्यापक सफाई भी कराई गई, जिसमें बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, कचरा, मलबा एवं अन्य अवरोधक सामग्री को हटाकर जल प्रवाह को सुचारु बनाया गया। इस कार्रवाई से वर्षा के दौरान जलजमाव की समस्या में कमी आने तथा स्थानीय नागरिकों को राहत मिलने की संभावना है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक नालों एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान चलाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद नगर निगम आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करता है कि वे नालों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा स्वच्छ एवं सुचारु जलनिकासी व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।