धनबाद संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए संसद में लगातार मुखर रहे सांसद ढुलू महतो,  सरकार के कई मंत्रालयों ने दिया जवाब

धनबाद संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए संसद में लगातार मुखर रहे सांसद ढुलू महतो, 

सरकार के कई मंत्रालयों ने दिया जवाब

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो जनहित और समाज कल्याण से जुड़े विषयों को लगातार संसद के पटल पर रख रहे हैं।  मानसून सत्र के दौरान उन्होंने धनबाद की जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को लोकसभा में प्रभावी ढंग उठाया है। साथ ही केंद्र सरकार का ध्यान क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जन समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं की ओर आकर्षित किया है। सांसद द्वारा कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण, खेल, नागरिक उड्डयन एवं आधारभूत संरचना से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिन पर संबंधित मंत्रालयों ने विस्तार से अपना उत्तर प्रस्तुत किया।

खनन प्रभावित किसानों के हितों की उठाई मजबूत आवाज़

सांसद महतो ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय से झरिया, कतरास और बाघमारा क्षेत्र में कोयला खनन एवं भूमिगत आग से प्रभावित कृषि योग्य भूमि, किसानों की स्थिति, मृदा स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष पैकेज की मांग उठाई।

कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने अपने उत्तर में बताया कि बीसीसीएल द्वारा पर्यावरणीय प्रभाव आकलन (EIA) एवं पर्यावरण प्रबंधन योजना (EMP) के आधार पर कार्य किया जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार इन क्षेत्रों की कृषि योग्य भूमि पर प्रतिकूल प्रभाव की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 से 2025-26 के दौरान धनबाद जिले में 17,928 सॉयल हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं।

मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं जैविक खेती जैसी योजनाओं का लाभ किसानों को लगातार दिया जा रहा है तथा राज्य में पारंपरिक कृषि विकास योजना के अंतर्गत जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

धनबाद एयरपोर्ट निर्माण को लेकर केंद्र से मांगा स्पष्ट रोडमैप

सांसद महतो ने नगर विमानन मंत्रालय के समक्ष धनबाद में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की स्थापना, व्यवहार्यता अध्ययन, राज्य सरकार के साथ समन्वय तथा परियोजना की समयसीमा से संबंधित प्रश्न उठाए।

नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने उत्तर में बताया कि वर्ष 2017 में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा बलियापुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए व्यवहार्यता अध्ययन किया गया था और उसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को उपलब्ध करा दी गई थी।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट नीति के तहत अभी तक राज्य सरकार की ओर से आवश्यक “साइट क्लीयरेंस” का प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति भूमि अधिग्रहण, विभिन्न मंजूरियों एवं राज्य सरकार की पहल पर निर्भर करेगी।

पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया

सांसद महतो ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के समक्ष धनबाद-बोकारो क्षेत्र के बढ़ते प्रदूषण, व्यापक पर्यावरण प्रदूषण सूचकांक (CEPI), हरित पट्टी विकास, भूजल संरक्षण एवं आधुनिक पर्यावरण निगरानी प्रणाली की मांग उठाई।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तवर्धन सिंह ने उत्तर में बताया कि वर्ष 2018 में धनबाद का CEPI स्कोर 59.78 दर्ज किया गया था, जिसके आधार पर इसे “अन्य प्रदूषित क्षेत्र (OPA)” की श्रेणी में रखा गया है।

मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय हरित भारत मिशन, नगर वन योजना, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान सहित अनेक कार्यक्रमों के माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने का कार्य कर रही है। साथ ही वायु गुणवत्ता की पूर्व चेतावनी प्रणाली और पर्यावरण निगरानी तंत्र भी संचालित किया जा रहा है।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बीसीसीएल अस्पताल के उन्नयन की मांग

सांसद महतो ने कोयला मंत्रालय से धनबाद स्थित बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने, गंभीर रोगों के उपचार की स्थानीय व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का विषय उठाया।

कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने अपने उत्तर में बताया कि बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल वर्तमान में मल्टी स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है तथा गंभीर रोगियों को आवश्यकता पड़ने पर सीजीएचएस पैनल के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में रेफर किया जाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि बीसीसीएल के क्षेत्रीय अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाओं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है ताकि खनन क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

खेल प्रतिभाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं की मांग

सांसद महतो ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के समक्ष धनबाद में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) प्रशिक्षण केंद्र, आधुनिक खेल परिसर, दिगवाडीह एवं गोल्फ ग्राउंड स्टेडियम के उन्नयन तथा ग्रामीण एवं जनजातीय खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं की मांग उठाई।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अपने उत्तर में बताया कि खेल राज्य का विषय है तथा वर्तमान में धनबाद में SAI का प्रशिक्षण केंद्र संचालित नहीं है। हालांकि झारखंड के हजारीबाग एवं रांची स्थित SAI केंद्रों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ‘खेलो इंडिया’ योजना मांग आधारित योजना है तथा राज्य सरकार अथवा पात्र संस्थाओं से प्रस्ताव प्राप्त होने पर तकनीकी परीक्षण एवं पात्रता के आधार पर सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल किट, छात्रवृत्ति, पोषण, चिकित्सा सहायता एवं प्रतियोगिताओं में भागीदारी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

सांसद ढुलू महतो ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सभी विषयों पर मंत्रालयों द्वारा दिए गए उत्तर भविष्य की दिशा अवश्य तय करते हैं, लेकिन अब आवश्यकता है कि इन योजनाओं को धरातल पर तेजी से उतारा जाए।

उन्होंने कहा कि धनबाद लोकसभा समेत पूरे झारखंड को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, आधुनिक खेल अवसंरचना, पर्यावरण संरक्षण, किसानों के लिए विशेष सहायता तथा हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। संसद के भीतर और बाहर, वे धनबाद के समग्र विकास और क्षेत्र की जनता के हितों की आवाज़ पूरी मजबूती से उठाते रहेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top