स्थापना दिवस पर शहीद जवानों को अर्पित की श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): सीआरपीएफ 154 वाहिनी प्रधानखंटा परिसर में सोमवार को 88 वां स्थापना दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए । कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों को श्रद्धांजलि के साथ हुआ। वाहिनी के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी ने जवानों को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन, कर्तव्य निष्ठा तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया। साथ ही साथ जवानों को उत्कृष्ट सेवा एवं उच्च मनोबल के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कैंप परिसर में पौधरोपण किया गया। स्वच्छता अभियान तथा नागरिकों के साथ संपर्क स्थापित कर सीआरपीएफ की गौरवशाली विरासत को साझा किया गया। समारोह में वाहिनी द्वारा स्कूली बच्चों के बीच आयोजित क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता के चयनित प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार वितरण किया गया। शाम को खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए । मौके पर वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद, डिप्टी कमांडेंट अमित कुमार झा, भास्कर भट्टाचार्य, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर हर्ष झा, इंस्पेक्टर मदन मोहन उपाध्याय समेत वाहिनी के अन्य पदाधिकारी एवं जवान थे।