सावन के पारंपरिक लोकगीत से गूंजा कुसुम विहार झूला उत्सव, नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा

सावन के पारंपरिक लोकगीत से गूंजा कुसुम विहार

झूला उत्सव, नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा

डीजे न्यूज, धनबाद: सखी बहिनपा मैथिलानी समूह, धनबाद इकाई के तत्वावधान में रविवार को कुसुम विहार में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सावन की उमंग से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं झरिया विधायक रागिनी सिंह का संस्थापिका आरती झा, महासचिव एवं समूह प्रभारी मनोरमा झा तथा अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद महिलाओं ने सावन के पारंपरिक लोकगीत, झूला उत्सव, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और मैथिली परंपरा की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि सावन का पावन महीना हमारी संस्कृति, आस्था और प्रकृति का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और संस्कृति के प्रदर्शन का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की कल्पना अधूरी है और उनके सशक्तिकरण से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।

उन्होंने सखी बहिनपा मैथिलानी समूह की संस्थापिका आरती झा, महासचिव मनोरमा झा एवं पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक रागिनी सिंह ने उपस्थित महिलाओं के साथ आत्मीय संवाद किया, सावन महोत्सव की खुशियों में सहभागिता निभाई तथा सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।

इस अवसर पर सखी बहिनपा मैथिलानी समूह की पदाधिकारी, सदस्यगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top