महिलाओं के अधिकार एवं सामाजिक न्याय के मुद्दों पर जनआंदोलन करने का लिया निर्णय
डीजे न्यूज, धनबाद: अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संगठन (ऐपवा), धनबाद का चौथा जिला सम्मेलन एल.सी. रोड स्थित विवाह भवन में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन से पूर्व रणधीर वर्मा चौक से सम्मेलन स्थल तक विशाल जुलूस निकाला गया तथा पार्टी का झंडोत्तोलन किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन ऐपवा की राज्य सचिव एवं पर्यवेक्षक कॉमरेड गीता मंडल ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन की अध्यक्ष मंडली में कॉमरेड सरोज देवी, नमिता महतो, पिंकी देवी, सीमा पासवान एवं सायना परवीन शामिल थीं।
सम्मेलन में महिलाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा, समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आर्थिक एवं राजनीतिक भागीदारी तथा सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं के अधिकारों के सवाल पर संगठन को गांव-गांव एवं मोहल्लों तक मजबूत करने तथा जनआंदोलनों को तेज करने का संकल्प लिया गया।
निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना लोकतांत्रिक समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐपवा महिलाओं को संगठित कर उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत कर रहा है। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक अन्याय, भेदभाव और शोषण के विरुद्ध संगठित होकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया तथा हर जनहित एवं लोकतांत्रिक आंदोलन में अपना सहयोग देने का भरोसा जताया।
सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि किसी भी समाज का समग्र विकास महिलाओं की बराबर भागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि ऐपवा जैसे संगठन महिलाओं को जागरूक एवं संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सम्मेलन की सफलता पर सभी प्रतिनिधियों एवं आयोजकों को बधाई देते हुए महिलाओं के सम्मान, समान अधिकार और सामाजिक न्याय से जुड़े हर न्यायपूर्ण संघर्ष में साथ रहने का आश्वासन दिया।
राज्य सह सचिव जयंती चौधरी ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार तरीका से महिलाओं को दबाने एवं कुशलने का काम कर रहा है इसके खिलाफ सभी महिलाओं को एकजुट होने की आवश्यकता है,
सम्मेलन में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा महिलाओं के अधिकारों एवं सामाजिक न्याय के मुद्दों पर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने का निर्णय लिया गया।
सर्वसम्मति से ऐपवा की राज्य अध्यक्ष कॉमरेड सविता सिंह की देखरेख में 25 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया गया। इसमें सरोज देवी को अध्यक्ष, पिंकी देवी, अंजू चटर्जी एवं सायना परवीन को उपाध्यक्ष, नमिता महतो को सचिव, सीमा पासवान को सह सचिव, गुड़िया सिंह को संयुक्त सचिव तथा अंजली पासवान एवं सुमन मरांडी को उप सचिव चुना गया। इसके अलावा दुर्गा देवी, ज्योति श्रीवास्तव, काजल महतो, लीला देवी, लक्ष्मी देवी, पूनम देवी, रीना राय, तनुजा खातून सहित अन्य सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया। हीरा सिंह को संगठन का अध्यक्ष बनाया गया। सम्मेलन का समापन महिलाओं के अधिकार, समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय के संघर्ष को और अधिक व्यापक एवं मजबूत बनाने के संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाकपा-माले जिला सचिव बिंदा पासवान, राज्य स्थाई समिति सदस्य कार्तिक प्रसाद, सुभाष चटर्जी, सम्राट चौधरी,विजय पासवान, राणा चट्टराज, बादल बाउरी,श्रीकांत सिंह, नकुल देव सिंह, श्रीराम विश्वकर्मा, दिनेश मंडल, नागेंद्र राय, सुजीत रजक, गुड्डू रजक, सीताराम कुंभकार, एसपी साहू आदि लोग शामिल थे।