राजस्व बढ़ाने और विकास योजनाओं में लाएं तेजी : राधाकृष्णा किशोर 

राजस्व बढ़ाने और विकास योजनाओं में लाएं तेजी : राधाकृष्णा किशोर 

वित्त मंत्री पहुंचे गिरिडीह, समीक्षा बैठक कर दिये निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्णा किशोर ने रविवार को गिरिडीह परिसदन भवन में वाणिज्य-कर विभाग एवं योजना एवं विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर के अधिकारियों के साथ राजस्व संग्रह, विकास योजनाओं की प्रगति और विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक से पूर्व उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया।

समीक्षा के दौरान मंत्री ने राजस्व संग्रह की प्रगति, कर प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभागीय उपलब्धियों, योजनागत व्यय, लक्ष्य प्राप्ति तथा भावी कार्ययोजना की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

मंत्री ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, जवाबदेही और सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। वहीं वाणिज्य-कर विभाग के अधिकारियों को राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने, कर प्रशासन को तकनीक आधारित एवं पारदर्शी बनाने तथा करदाताओं को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में संबंधित अधिकारियों ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। मंत्री ने बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए राज्य के समग्र विकास और सुशासन के उद्देश्यों को साकार करने का आह्वान किया। बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर के संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top