मधुबन में पुश्तैनी जमीन की चहारदीवारी तोड़ी, कब्जे की कोशिश का आरोप
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : जैन तीर्थ मधुबन में जमीन की बढ़ती कीमत के बीच भूमि विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ताजा मामले में मधुबन निवासी नंदकिशोर सिंह की पुश्तैनी जमीन की चहारदीवारी देर रात तोड़ दिए जाने और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत मधुबन थाना और जिला प्रशासन से की है।
पीड़ित बबलू कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मामला अनुमंडल कार्यालय तक पहुंचा था, जहां सुनवाई के बाद नंदकिशोर सिंह को अपनी जमीन की घेराबंदी कराने की अनुमति मिली थी। इसके बाद चहारदीवारी का निर्माण कराया गया, लेकिन बुधवार की देर रात कुछ लोगों ने उसे ध्वस्त कर दिया।
परिवार का दावा है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। नंदकिशोर सिंह का आरोप है कि जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से चहारदीवारी तोड़ी गई है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मधुबन में जमीन की बढ़ती कीमत के कारण भू-माफिया सक्रिय हो गए हैं। फर्जी दस्तावेजों और दबंगई के बल पर दूसरे की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। जमीन विवाद को लेकर पूर्व में भी कार्रवाई हुई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।