नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन
पीएम, गृहमंत्री व शिक्षा मंत्री का जलाया पुतला
डीजे न्यूज, धनबाद: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा नीट पेपर लीक मामले के विरोध में बुधवार को एनएसयूआई धनबाद ने जिला अध्यक्ष साहिल अली के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एसएसएलएनटी महिला कॉलेज से रणधीर वर्मा चौक तक आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
रणधीर वर्मा चौक पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण चौधरी एवं जिला अध्यक्ष साहिल अली ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ किया गया व्यवहार लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं, लेकिन सरकार उनके अधिकारों और भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
उन्होंने नीट पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप था कि इस मुद्दे पर आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हित में ठोस निर्णय नहीं लिया गया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो देशभर में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की।