जनता दरबार में कई मामलों का हुआ त्वरित निष्पादन
दिव्यांग युवक को उपलब्ध कराई गई ट्राइसाइकिल
डीजे न्यूज, धनबाद: मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन द्वारा कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं को सुना एवं आश्वासन दिया कि उनके सभी शिकायतों का जल्द से जल्द जाँच कराते हुए उचित समाधान कराया जाएगा।
जनता दरबार में दिव्यांग को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने, बच्चों का स्कूल में नामांकन करने, राशन कार्ड बनवाने, आवास योजना का लाभ देने, ऑनलाइन रसीद निर्गत करने, भूमि मापी करने, ग़ैराबद सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने, पैक्स गोदाम निर्माण की गुणवत्ता सुधारने, रुके विधवा पेंशन चालू कराने, आवागमन हेतु सड़क से अवैध कब्जा हटाने, आंगनबाड़ी सेविका नियुक्ति संबंधित मामले, बेलगड़िया में आवास उपलब्ध कराने, पैतृक संपत्ति के बंटवारे, नियोजन, दिव्यांग हेतु सरकारी योजनाओं का लाभ देने, समेत पारिवारिक मामले, जमीन के मामले, धोखाधड़ी के मामले एवं कई अन्य आवेदन प्राप्त हुई।
इस दौरान झरिया से आए दिव्यांग मो. इरसाद ने ट्राइसाइकिल के लिए उपायुक्त को आवेदन सौंपा। उपायुक्त ने तत्काल मामले पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग द्वारा लाभुक मो. इरसाद को त्वरित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराया गया। ट्राइसाइकिल मिलते ही इरसाद के चेहरे पर खुशी आ गयी। उन्होंने उपायुक्त श्री आदित्य रंजन को धन्यवाद देते हुए कहा कि कई वर्षों की समस्या का आज उपायुक्त द्वारा समाधान हुआ।
उपायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी केवल आवेदनों को लंबित न रखें, बल्कि धरातल पर जाकर उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।