जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के छह लोग बीमार
खाद्य सुरक्षा विभाग ने गांव पहुंचकर की जांच, खेत से हटवाए गए जहरीले मशरूम; ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत झरघट्टा गांव में जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के छह लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही उपायुक्त श्री रामनिवास यादव के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव का निरीक्षण किया और मामले की विस्तृत जांच की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम झरघट्टा गांव स्थित दशरथ गोस्वामी के आवास पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। जांच में पता चला कि परिवार की एक सदस्य को पड़ोसी द्वारा पास के खेत में स्वतः उगे जंगली मशरूम दिए गए थे। मशरूम की सही पहचान किए बिना उसे सब्जी में मिलाकर बनाया गया, जिसे खाने के बाद परिवार के छह सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।