जनता दरबार में सीमा देवी और किरण देवी को मिली न्याय, डीसी की पहल पर दोनों की रुकी पेंशन प्रक्रिया हुई पूरी

जनता दरबार में सीमा देवी और किरण देवी को मिली न्याय, डीसी की पहल पर दोनों की रुकी पेंशन प्रक्रिया हुई पूरी

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में भूली क्षेत्र की दो महिलाओं का लंबे समय से लंबित पेंशन समस्याओं का निराकरण हो गया।  उपायुक्त आदित्य रंजन ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करवाई।

भूली ‘डी’ ब्लॉक (सेक्टर-5) निवासी सीमा देवी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उन्हें विगत 9 महीनों से विधवा पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हो रही थी। प्रखंड कार्यालय स्तर पर पूर्व में आवेदन देने के उपरांत भी निवारण न होने के कारण वे निरंतर आर्थिक संकट झेल रही थीं। वहीं, भूली निवासी वृद्ध महिला किरण देवी ने आवेदन देकर विगत 6 महीनों से वृद्धावस्था पेंशन बाधित होने की व्यथा रखी।

दोनों मामलों को अत्यंत गंभीरता व मानवीय दृष्टिकोण से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने तथा पेंशन बहाली सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश के उपरांत प्रशासनिक स्तर पर त्वरित पहल करते हुए दोनों लाभुकों की पेंशन से संबंधित कार्यवाही संपन्न कराई गई। पेंशन की अगली राशि की भुगतान के वक्त इनकी पेंशन की राशि खाते में आनी शुरू हो जाएगी।

समस्या का त्वरित समाधान होने पर सीमा देवी एवं किरण देवी ने उपायुक्त का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महीनों से वे लगातार दफ्तरों के चक्कर काटने को विवश थीं, लेकिन जिला प्रशासन की त्वरित संवेदनशीलता के कारण उनकी समस्या का तत्काल समाधान संभव हुआ।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने दोहराया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित, असहाय एवं बुजुर्ग नागरिकों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ ससमय उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार में आने वाली सभी जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top