कटार से गर्दन पर वार कर दौलत राम की हत्या, दो सगे भाइयों को पुलिस ने दबोचा

कटार से गर्दन पर वार कर दौलत राम की हत्या, दो सगे भाइयों को पुलिस ने दबोचा
खून लगा तलवार, बाइक, शर्ट और दो मोबाइल जब्त; प्राथमिकी में चार अन्य लोगों के नाम भी दर्ज
डीजे न्यूज, धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में दौलत राम की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान घोसकोडीह निवासी त्रिवेणी महतो (52 वर्ष), पिता स्व. लखन महतो और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो (48 वर्ष), पिता स्व. लखन महतो के रूप में हुई है। दोनों आरोपित ग्राम घोसकोडीह, पोस्ट तिलैया, थाना बरवाअड्डा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ने घटना में अपनी-अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा तलवार, मोटरसाइकिल, खून लगा शर्ट और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
राजगंज बाजार जाने के दौरान निचितपुर में किया हमला
पुलिस की ओर से जारी घटना एवं उद्भेदन की संक्षिप्त विवरणी के अनुसार, बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 181/26, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के मुताबिक, 26 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे ग्राम घोसकोडीह निवासी दौलत राम राजगंज बाजार जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान निचितपुर में त्रिवेणी महतो और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो ने उन्हें अचानक रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए कटार (तलवार) से उनकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी और मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने वादिनी के परिवार के सदस्यों को भी इसी तरह जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही नक्सलियों से संबंध होने की धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है।
साजिशकर्ता के रूप में चार अन्य लोगों के नाम
मामले की प्राथमिकी में साजिशकर्ता के रूप में विद्यापति महतो उर्फ वीडियो, सचिन महतो, भाग्या देवी और पूर्णिमा देवी के नाम भी दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने मामले के त्वरित अनुसंधान के क्रम में त्रिवेणी महतो और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो को गिरफ्तार किया।
डोभा से बरामद हुआ खून लगा तलवार
पुलिस ने आरोपितों के घर के पीछे स्थित डोभा से घटना में प्रयुक्त खून लगा तलवार बरामद किया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर JH10L3717, आरोपित द्वारा पहना गया खून लगा शर्ट और दोनों आरोपितों के एक-एक मोबाइल फोन को जब्त किया गया है।
छापेमारी टीम में शामिल थे तीन पुलिस पदाधिकारी
इस मामले के उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गठित छापेमारी टीम में बरवाअड्डा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मीनू कुमारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top