जनसंख्या नियंत्रण के लिए जागरूकता और शिक्षा सबसे प्रभावी माध्यम : प्रो अविनाश कुमार

डिग्री कॉलेज टुंडी में विश्व जनसंख्या दिवस का आयोजन 

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : डिग्री कॉलेज टुंडी के बिरसा मुंडा सभागार में शनिवार को विश्व जनसंख्या दिवस का आयोजन प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के भूगोल विभाग, एनएसएस यूनिट-1 तथा आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बिनोद बिहारी महतो के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।

इस अवसर पर गणित विभाग के प्रो. डॉ. दीनबंधु मंडल ने विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के बीज वक्ता भूगोल विभाग के प्रो. मुकेश कुमार दास ने वैश्विक जनसंख्या के आंकड़ों को प्रस्तुत करते हुए भारत में वर्तमान समय में जनसंख्या वृद्धि के कारणों को विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता इतिहास विभाग के प्रो. अविनाश कुमार ने कहा कि जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण के लिए जागरूकता और शिक्षा सबसे प्रभावी माध्यम है। जनसंख्या वृद्धि के सिद्धांत को समझना आज के समय की आवश्यकता है। बढ़ती आबादी का प्रभाव संसाधनों, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को जनसंख्या संतुलन के महत्व को समझते हुए जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने जनसंख्या वृद्धि के सिद्धांत का विस्तार से विवेचन करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक करने का प्रयास किया। अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य तेजी से बढ़ती आबादी, सीमित प्राकृतिक संसाधन एवं सतत विकास के बीच संतुलन बनाए रखना है। इस अवसर पर महाविद्यालय के सेमेस्टर-वन की छात्रा मीना हेंब्रम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रानी सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुश्री शालिनी डुंगडुंग ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top