सांसद की जनहित पहल को मिली बड़ी सफलता रेलवे मंत्रालय ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई का दिया आश्वासन

सांसद की जनहित पहल को मिली बड़ी सफलता

रेलवे मंत्रालय ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई का दिया आश्वासन

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो की जनहित से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल को बड़ी सफलता मिली है। धनबाद शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से रेलवे फाटकों पर लगने वाले भीषण जाम से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से सांसद द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे गए प्रस्ताव पर रेलवे मंत्रालय ने सकारात्मक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद ढुलू महतो को भेजे अपने पत्र में अवगत कराया है कि धनबाद के 9 प्रमुख रेलवे क्रॉसिंगों पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) एवं रेलवे अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण की व्यवहार्यता की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि सांसद ढुलू महतो ने रेल मंत्री को विस्तृत पत्र लिखकर धनबाद की जनता को प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम, दुर्घटनाओं की आशंका तथा आपातकालीन सेवाओं में होने वाली बाधाओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था। अपने पत्र में उन्होंने कहा था कि धनबाद देश की औद्योगिक एवं कोयला राजधानी होने के कारण यहां मालगाड़ियों का आवागमन लगातार होता है, जिससे कई महत्वपूर्ण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहते हैं और लाखों लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

सांसद ने अपने प्रस्ताव में “सेतु भारतम् योजना” के अंतर्गत धनबाद के 9 अत्यंत महत्वपूर्ण रेलवे फाटकों पर रेलवे ओवरब्रिज अथवा अंडरब्रिज के निर्माण की मांग की थी। साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया था कि जहां तकनीकी कारणों से ROB या RUB का निर्माण संभव नहीं हो, वहां रेलवे फाटकों का चौड़ीकरण कर मजबूत डिवाइडर के साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि जाम की समस्या को स्थायी रूप से कम किया जा सके।

सांसद ढुलू महतो द्वारा जिन 9 रेलवे फाटकों को प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तावित किया गया है, उनमें फाटक संख्या 31/C/E (केंदुआ रोड),  फुलारीटांड़ रेलवे क्रॉसिंग, फाटक संख्या 27/SPL/T (प्रधानखंटा जंक्शन/गोविंदपुर), फाटक संख्या 14/A/T (आउटर धनबाद–बराकर मेन लाइन),
फाटक संख्या 30/C/E (भूली), लिलोरी गेट (कतरास),  सोनारडीह गेट, फाटक संख्या 23/C/T (कतरास–सिजुआ) एवं फाटक संख्या 29/C/T (तेतुलमारी) शामिल हैं। सांसद ने अपने प्रस्ताव में इन सभी स्थानों की वर्तमान यातायात स्थिति, राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों से उनकी उपयोगिता तथा आम जनता को होने वाली कठिनाइयों का विस्तृत विवरण भी रेलवे मंत्रालय को उपलब्ध कराया था।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की जनता वर्षों से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम की समस्या से जूझ रही है। इससे विद्यार्थियों, मरीजों, कर्मचारियों, व्यापारियों, कोयला क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों तथा आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

उन्होंने कहा कि रेलवे मंत्रालय द्वारा व्यवहार्यता जांच शुरू किया जाना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम है। उन्हें विश्वास है कि जांच पूरी होने के बाद इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति मिलेगी और धनबाद की जनता को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से स्थायी राहत प्राप्त होगी।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र के विकास और जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को वे पूरी मजबूती के साथ संसद, रेलवे मंत्रालय एवं संबंधित विभागों के समक्ष लगातार उठाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top