स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में ‘एंटी-स्नेक वेनम सीरम’ उपलब्ध : उपायुक्त आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार

स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में ‘एंटी-स्नेक वेनम सीरम’ उपलब्ध : उपायुक्त

आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सांप के काटने के इलाज के लिए आवश्यक ‘एंटी-स्नेक वेनम एंटीसीरम’ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि वर्तमान में पूरे जिले में 6,130 एक्टिव वायल स्टॉक में हैं, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सकता है।

उन्होंने बताया कि शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एएनएमएमसीएच) में सबसे अधिक 2,750 वायल, बाघमारा सीएचसी में 300 वायल, बलियापुर सीएचसी में 500 वायल, सदर अस्पताल में 380 वायल, गोविंदपुर सीएचसी में 380 वायल झरिया (झरिया सह जोरापोखर) में 420 वायल, निरसा सीएचसी में 480 वायल, तोपचांची सीएचसी में 450 वायल, टुंडी सीएचसी में 40, टुंडी के लोधरिया एचएससी-आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 10, टुंडी के रामपुर एचएससी-आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 20 वायल उपलब्ध कराए गए हैं।

उपायुक्त ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि सांप के काटने पर किसी भी तरह के अंधविश्वास या झाड़-फूंक में समय बर्बाद करने के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाएं। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन पूरी तरह से निःशुल्क उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि मानसून और गर्मी के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाओं को देखते हुए सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग धनबाद के नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित इलाज के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से तुरंत संपर्क करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top