बलियापुर की खबरें:-

बलियापुर की खबरें:-

दुकानों को हटाने की फरमान से लोगों में रोष

डीजे न्यूज, बलियापुर: बेलगड़िया कॉलोनी के फेस 1 के दुकानों को हटाने की प्रशासनिक निर्देश के बाद दुकानदारों में भारी रोष है। बुधवार को जरेडा द्वारा सर्वे किया गया। दुकानदारों ने आज कॉलोनी के फेस वन में जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि जब उन्हें बसाया गया था तो रोजी-रोटी के लिए दुकान एवं गुमटी खोलने की इजाजत दी गई थी।इस संबंध में पूछे जाने पर जरेडा के पदाधिकारी अजय भाटिया ने बताया कि कॉलोनी के लोगों को विभिन्न तरह के दुकानों के लिए मार्केट कंपलेक्स बनाकर आवंटित किए जाने का कार्य जारी है। अब तक अनेक लोगों को दुकाने आवंटित की गई हैं। आगे और मार्केट कंपलेक्स बनाने की योजना है, जिसे कॉलोनीवासियों के बीच ही वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि झोपड़ी एवं गुमटी संचालित होने से कॉलोनी की सुंदरता पर आंच आ रही है। वही लोगों को आने जाने में भी दिक्कतें होगी।
विरोध करने वालों में कॉलोनी की मुन्नी देवी, सोनू कुमार, सावित्री देवी, बिहारी ठाकुर, कुंदन सिंह, संतोष कुमार रवानी, सुनील चंद्र, कुमार सिंह , सुमित कुमार महतो, नीतीश कुमार ठाकुर, दुर्गा कुमारी, महेश साह, अशोक रवानी, राजू पाल, कमलेश मिस्त्री आदि थे।
—————————————–

बड़ादहा से बाइक चोरी

बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के बड़ादहा से मंगलवार रात चोरों ने सूरज कुमार महतो की बाइक टपा ली। महुदा के रहने वाले भुक्तभोगी सूरज बड़ादहा निवासी संतोष महतो की पुत्री की शादी समारोह भाग लेने आया था। भुक्तभोगी ने थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भुक्तभोगी ने बताया कि वह अपनी बाइक संतोष महतो के घर के सामने खड़ी कर शादी समारोह में व्यस्त हो गया। काफी देर बाद जब वह बाइक के पास आया तो गायब थी। काफी खोज के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला।
——————————————-

सबकी योजना, सबका विकास अभियान शुरू
बलियापुर: झारखंड सरकार के सबकी योजना, सबका विकास अभियान के तहत बलियापुर के सभी पंचायतों में दो दिवसीय ग्राम सभा का शुभारंभ बुधवार को हुआ। प्रथम दिन आमझर, अलगडीहा,  आमटाल, मुकुंदा, बाघमारा, बलियापुर पूर्वी, बलियापुर पश्चिम, घड़बड़, दूधिया, कुसमाटांड़ समेत एक दर्जन पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में संबंधित पंचायत में 15वीं वित्त आयोग योजना के तहत किए जाने वाले विकास योजनाओं की सूची तैयार की गई । इसके लिए ग्रामीणों ने अपने-अपने सुझाव दिए । ग्राम सभा में संबंधित पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्यों के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top