परियोजनाओं में तेजी लाने व त्वरित मुआवजा भुगतान के निर्देश

परियोजनाओं में तेजी लाने व त्वरित मुआवजा भुगतान के निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला भू-अर्जन कार्यालय में बुधवार को विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता जिला भू अर्जन पदाधिकारी राम नारायण खलको ने की।

इसमें मुख्य रूप से परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया को गति देने और रैयतों को मुआवजा भुगतान में तेजी लाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुख्य रूप से पथ निर्माण विभाग एवं नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय बनाकर भू-अर्जन से जुड़ी सभी बाधाओं को जल्द से जल्द दूर करें।

उन्होंने कहा कि जनहित और विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाना अनिवार्य है। मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को और सरल व पारदर्शी बनाया जाए ताकि रैयतों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें ससमय उनका हक मिल सके।

बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय सीमा (टाइमलाइन) के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले में चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार को और बढ़ाया जा सके।

बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राम नारायण खालको, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथलेश प्रसाद, सहायक अभियंता पंकज कुमार, पुटकी, झरिया, टुंडी, बलियापुर अंचल कार्यालयों के अंचल निरीक्षक (सी.आई.), एनएचएआई के कनीय अभियंता एवं कार्यालय सहायक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top