मानसून को लेकर नगर निगम अलर्ट स्वच्छता एवं जल जमाव की तैयारियों की हुई समीक्षा

मानसून को लेकर नगर निगम अलर्ट

स्वच्छता एवं जल जमाव की तैयारियों की हुई समीक्षा

डीजे न्यूज, धनबाद:  नगर आयुक्त आशीष गंगवार की अध्यक्षता में मंगलवार को मानसून के दौरान स्वच्छता व्यवस्था एवं जल जमाव की समस्या के प्रभावी समाधान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, सभी सहायक नगर आयुक्त एवं सभी नगर प्रबंधक उपस्थित रहे।

बैठक में सभी पांचों अंचलों के सहायक नगर आयुक्तों ने जानकारी दी कि मुख्यालय द्वारा जल जमाव एवं स्वच्छता कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। इनमें होंडा पंपिंग सेट, दोपहिया वाहन पर माउंटेड फॉगिंग मशीन, चुना, ब्लीचिंग पाउडर, कुदाल, फावड़ा सहित अन्य आवश्यक सफाई सामग्री शामिल हैं। सभी अंचलों को इन संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वर्षा के दौरान किसी भी क्षेत्र में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होने पर होंडा पंपिंग सेट का तत्काल उपयोग कर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी अंचलों में नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था की सतत निगरानी एवं स्वच्छता कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग एवं ब्लीचिंग अभियान चलाने तथा सभी सफाई संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

नगर आयुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखें, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करें तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। नगर निगम मानसून के दौरान बेहतर स्वच्छता एवं निर्बाध जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top