महेशपुर हाईवे पर चला संयुक्त अभियान, 100 से अधिक वाहनों का कटा चालान
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद) : महेशपुर हाईवे में सड़क सुरक्षा को लेकर मंगलवार को संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान सर्विस रोड और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक, बस एवं अन्य वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए।
अभियान में डीटीओ, रोड सेफ्टी, एमवीआई, एनएचएआई, यातायात एवं ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। महेशपुर मोड़ के दोनों ओर खड़े वाहनों की जांच कर एक-एक कर चालान काटा गया। अधिकारियों ने बताया कि बरवाअड्डा से तोपचांची तक करीब 100 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने कहा कि महेशपुर क्षेत्र में सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं। हादसों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क किनारे वाहन खड़ा मिलने पर चालान के साथ वाहन जब्त भी किया जाएगा। वाहन चालक केवल एनएचएआई द्वारा निर्मित ले-बाई (Lay-by) में ही वाहन खड़ा करें।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि दलूडीह स्थित बड्स गार्डेन स्कूल तथा सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, दलूडीह क्षेत्र में सड़क हादसों में अब तक करीब छह लोगों की जान जा चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में तेलंगाना और राजस्थान में सड़क दुर्घटनाओं में दो दिनों के भीतर लगभग 34 लोगों की मौत के बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सभी जिलों में सड़क सुरक्षा को लेकर टास्क फोर्स गठित कर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान में रोहित कुमार साव, सुनील कुमार, अमन उपाध्याय, हरीश कुमार, रोहित कुमार चौबे, गौतम कुमार, देवब्रत राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।