इग्नू केंद्र गिरिडीह में अनियमितता के आरोपों की जांच शुरू

इग्नू केंद्र गिरिडीह में अनियमितता के आरोपों की जांच शुरू

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र में कथित अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए रीजनल सेंटर देवघर इग्नू की टीम सोमवार को गिरिडीह कॉलेज पहुंची। टीम ने विभिन्न दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जांच की।

एबीवीपी के छात्र नेता मंटू मुर्मू ने आरोप लगाया है कि इग्नू परीक्षा में फर्जी वीक्षक (इनविजिलेटर) बनाकर ड्यूटी कराई गई और उनके नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर वित्तीय अनियमितता की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निशा कुमारी का गिरिडीह कॉलेज से कोई संबंध नहीं होने के बावजूद वर्तमान प्राचार्य प्रो. मृगेंद्र नारायण सिंह और बालेंदु शेखर त्रिपाठी ने मिलकर उन्हें इग्नू विभाग के कार्य में लगाया।

इन्हीं आरोपों के आधार पर रीजनल सेंटर देवघर इग्नू की टीम गिरिडीह कॉलेज पहुंची और संबंधित अभिलेखों व व्यवस्थाओं की जांच की। जांच के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन किया और संबंधित पक्षों से जानकारी भी ली।

वहीं प्राचार्य प्रो. मृगेंद्र नारायण सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद और तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि इग्नू अध्ययन केंद्र का संचालन पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार किया गया है तथा जांच टीम को सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top