पश्चिमी टुंडी में हाथियों का आतंक जारी, मनियाडीह में चहारदीवारी तोड़ी

 

फसल और पेड़ों को पहुंचाया नुकसान, रातभर दहशत में रहे ग्रामीण, बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बढ़ी परेशानी

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : पश्चिमी टुण्डी के मनियाडीह थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जीतपुर गांव में शुक्रवार की रात उत्पात मचाने के बाद शनिवार देर रात हाथियों का झुंड मनियाडीह गांव पहुंच गया। यहां हाथियों ने राजेन्द्र अग्रवाल की चहारदीवारी तोड़ दी तथा फसल और पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित रहने से चारों ओर अंधेरा छा जाता है, जिससे हाथियों का झुंड आसानी से गांव में प्रवेश कर जाता है। लोगों ने बिजली विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण वे रातभर जागकर निगरानी करने को विवश हैं। भाजपा टुंडी (पश्चिमी) मंडल अध्यक्ष गोविन्द टुडू ने कहा कि टुंडी पहाड़ पर जंगली हाथियों का झुंड पिछले कई महीनों से डेरा डाले हुए है, लेकिन वन विभाग ने उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने या स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा बिजली विभाग से रात्रि के समय निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top