अलकडीहा कृषि पाठशाला निर्माण में अनियमितता की झामुमो ने की जांच की मांग
घटिया सामग्री से निर्माण का आरोप, एक सप्ताह में जांच नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : बलियापुर प्रखंड के अलकडीहा कृषि फार्म में निर्माणाधीन कृषि पाठशाला के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जिला कृषि पदाधिकारी को पत्र सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में कृषि विभाग के अधिकारियों के अलावा राज्य के मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, सिंदरी विधायक, टुंडी विधायक तथा झामुमो जिला कमेटी को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।
झामुमो के प्रखंड सचिव निर्मल रजवार ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईंट, बालू और सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता बेहद खराब है तथा विभागीय मानकों की अनदेखी कर कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि प्रधान क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय किसानों और ग्रामीणों को विश्वास में नहीं लिया गया तथा निर्माण कार्य में बाहरी लोगों को लगाया गया है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
निर्मल रजवार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो झामुमो कार्यकर्ता निर्माण स्थल पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्य कर रही है, लेकिन बिचौलियों और संवेदकों की लापरवाही व घटिया निर्माण कार्य से सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए, स्थानीय लोगों को विश्वास में लिया जाए तथा परियोजना से संबंधित सभी जानकारियां सार्वजनिक की जाएं।