युवाओं ने संभाली मतदाता जागरूकता की कमान, SIR अभियान को मिली नई गति
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को सफल बनाने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन ने जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में लगातार जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि हर पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सके और आवश्यक संशोधन समय पर करवा सके।
इसी कड़ी में शनिवार को बगोदर स्थित रामकृष्ण विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महाविद्यालय परिसर से निकली रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और लोगों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी। इस दौरान पात्र नागरिकों से गणना प्रपत्र भरने, नाम जुड़वाने, आवश्यक संशोधन कराने तथा त्रुटियों को दूर कराने की अपील की गई।
रैली में शामिल युवाओं ने “सच्चे लोकतंत्र की यही पहचान, हर योग्य नागरिक करे मतदान” तथा “जागरूक मतदाता, देश का विधाता” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी शैक्षणिक संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास के प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची से जोड़ने में योगदान दें।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि व्यापक जनसंपर्क, जागरूकता रैलियों, विशेष शिविरों और प्रचार-प्रसार के माध्यम से जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।