शहीद सेकेंड कमांडेंट हीरा कुमार झा की  पुण्यतिथि मनी सीआरपीएफ ने शहादत को किया नमन

शहीद सेकेंड कमांडेंट हीरा कुमार झा की  पुण्यतिथि मनी

सीआरपीएफ ने शहादत को किया नमन

डीजे न्यूज, धनबाद: सीआरपीएफ के वीर शहीद सेकेंड कमांडेंट हीरा कुमार झा की 12वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को हीरापुर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनके अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इसके साथ ही पार्क मार्केट मैदान में पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जेएमएम नेत्री डॉ. नीलम मिश्रा, भाजपा कार्यकर्ता संजय झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस मौके पर 154वीं बटालियन सीआरपीएफ के उप कमांडेंट अमित कुमार झा ने बताया कि शहीद हीरा कुमार झा वर्ष 2014 में सीआरपीएफ की 7वीं बटालियन में गिरिडीह में तैनात थे। 3 जुलाई 2014 को सूचना मिली थी कि एक शीर्ष माओवादी जमुई क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन और अभियान के लिए झारखंड पुलिस, बिहार पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम रवाना हुई, जिसका नेतृत्व कमांडेंट हीरा कुमार झा कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाला। इसी दौरान हीरा कुमार झा गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की।

उप कमांडेंट अमित कुमार झा ने कहा कि इस अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली थी। कई नक्सलियों को मार गिराया गया तथा भारी मात्रा में हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी। उन्होंने कहा कि शहीद हीरा कुमार झा का बलिदान केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे धनबाद और देश के लिए गर्व का विषय है। सीआरपीएफ उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को सदैव सम्मानपूर्वक याद करती रहेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top