गैंगस्टर प्रिंस खान ने सांसद ढुलू महतो को दी धमकी
ऑडियो क्लिप जारी, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
डीजे न्यूज, धनबाद : जिले से बड़ी खबर है। धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने दावा किया है कि उन्हें भी गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से कई बार धमकी मिल चुकी है। सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद ने कहा कि हाल ही में दिल्ली जाने के दौरान 1 तारीख को उन्हें धमकी मिली थी, जबकि शुक्रवार शाम एक विदेशी नंबर से भी कॉल आया। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले ही धनबाद के पुलिस कप्तान और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से की जा चुकी है। पत्रकार वार्ता में सांसद ने कथित धमकी भरे ऑडियो क्लिप को भी सार्वजनिक किया। सांसद ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सांसद ने कहा कि यदि सांसद और विधायक जैसे जनप्रतिनिधियों को अपराधियों से धमकी मिल रही है तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर लगाम कसना राज्य सरकार और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी वे केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर धनबाद को अपराध मुक्त बनाने की मांग कर चुके हैं।
ढुलू महतो ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग करते हुए कहा कि गुंडे, बदमाश, अपराधी और माफिया के लिए कड़े प्रावधान होने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को फांसी जैसी सख्त सजा देने वाला कानून बनना चाहिए। सांसद ने कहा कि यदि भविष्य में झारखंड में बीजेपी की सरकार बनती है तो अपराधियों के खिलाफ और अधिक कठोर कानून बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने बिना किसी का नाम लिए राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके नाम का इस्तेमाल कर अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर धनबाद के विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया जाएगा और विकास में बाधा डालने वालों का विरोध किया जाएगा।
विकास कार्यों को लेकर भी सांसद ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, पुल और पुलिया कहां बनने चाहिए, इस पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए, लेकिन कुछ लोग केवल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने गयापुल-मटकुरिया फ्लाईओवर, गोविंदपुर और निरसा एलिवेटेड फ्लाईओवर का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग इन परियोजनाओं का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, वे यह बताएं कि इन विकास कार्यों में उनका वास्तविक योगदान क्या है।