एसआईआर के लिए विधानसभावार स्थापित होंगे सहायता केंद्र : रामनिवास यादव एक छत के नीचे मतदाताओं को मिलेगी हर आवश्यक जानकारी : उपायुक्त

एसआईआर के लिए विधानसभावार स्थापित होंगे सहायता केंद्र : रामनिवास यादव
एक छत के नीचे मतदाताओं को मिलेगी हर आवश्यक जानकारी : उपायुक्त
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन लगातार आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि मतदाताओं को अभियान से संबंधित सभी आवश्यक सेवाएं एवं जानकारी एक ही स्थान पर सहजता से उपलब्ध हो सके। उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया, Enumeration Form भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, मतदाता सूची में नाम खोजने, त्रुटि सुधार सहित अन्य निर्वाचन संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सहायता केंद्र संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर इन सहायता केंद्रों के संचालन एवं पर्यवेक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने स्तर से प्रशिक्षित एवं अनुभवी कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करेंगे, ताकि आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सहायता केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सहायता केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को अधिक प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बनाया जाए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर अपने निकटतम मतदाता सहायता केंद्र से संपर्क कर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, जिसके निर्माण में प्रत्येक मतदाता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top