आरटीओ ई-चालान की फर्जी एपीके और सिम बंद होने का झांसा देकर करते थे साइबर ठगी, तीन गिरफ्तार

आरटीओ ई-चालान की फर्जी एपीके और सिम बंद होने का झांसा देकर करते थे साइबर ठगी, तीन गिरफ्तार
डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने पहली छापेमारी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम सियाटांड़ स्थित राजकुमार मंडल के घर में की, जहां से 19 वर्षीय राज कुमार मंडल (पिता- मनोज मंडल) को गिरफ्तार किया गया। दूसरी छापेमारी ग्राम लकरटंगा स्थित सोनु कुमार मंडल के घर में की गई, जहां से सोनु कुमार मंडल (30 वर्ष, पिता- अर्जुन मंडल) तथा बंटी कुमार सेन (28 वर्ष, पिता- स्व. राजेन्द्र सेन, ग्राम मंझलाडीह) को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र, जिला जामताड़ा के निवासी हैं।
अपराध करने की शैली
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राज कुमार मंडल लोगों के व्हाट्सएप नंबर पर RTO E-CHALLAN के नाम से फर्जी APK फाइल भेजता था। फाइल डाउनलोड कराने के बाद मोबाइल की गोपनीय जानकारियां हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम देता था।
वहीं, सोनु कुमार मंडल और बंटी कुमार सेन लोगों को फोन कर उनकी जियो सिम बंद होने की बात कहते थे। इसके बाद सिम चालू रखने या रिचार्ज कराने के नाम पर लोगों से जानकारी लेकर साइबर ठगी करते थे।
पहले भी दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त बंटी कुमार सेन पूर्व से ही जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 69/24 में आरोपी है। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 41/26, दिनांक 02 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम एवं टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
छापेमारी दल में शामिल रहे
कार्रवाई में साइबर अपराध थाना के थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक चन्द्रमणि भारती, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता तथा रिजर्व गार्ड के आरक्षी एवं हवलदार शामिल रहे।
पुलिस की अपील
जामताड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि RTO ई-चालान, सिम बंद होने या अन्य किसी बहाने से भेजे गए अनजान लिंक अथवा APK फाइल को डाउनलोड न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन को दें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top