धनबाद बस स्टैंड के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद शहर के बस स्टैंड के समीप गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है।
स्थानीय निवासी शंभू सिंह के अनुसार, मृतक पिछले कई दिनों से बस स्टैंड के आसपास कचरा चुनकर अपना गुजारा करता था। कचरा बेचकर मिलने वाले पैसों से वह अक्सर शराब का सेवन करता था। गुरुवार सुबह शौच के लिए निकले लोगों ने उसे सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल धनबाद थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। धनबाद थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।