उपायुक्त ने ‘बिरसा कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
डीजे न्यूज, गिरिडीह : किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती और कृषि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय परिसर से ‘बिरसा कृषि रथ-2026’ को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रथ को रवाना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी हर किसान तक पहुंचाना जरूरी है। बिरसा कृषि रथ इसी उद्देश्य को पूरा करेगा। यह जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि, उन्नत बीजों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, सिंचाई प्रबंधन तथा फल एवं सब्जियों के वैज्ञानिक उत्पादन और विपणन की जानकारी देगा।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना और किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। रथ के माध्यम से चौपालों, जनसंवाद कार्यक्रमों और दृश्य-श्रव्य माध्यमों से किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, अनुदान आधारित कार्यक्रमों, प्राकृतिक खाद, कृषि यंत्रीकरण तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त ने विश्वास जताया कि यह पहल आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों की उत्पादकता और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले का कोई भी किसान आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी से वंचित न रहे।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।