20 साल से लापता टुंडी की महिला केरल में मिलीं, लाया गया धनबाद परिजनों में खुशी का माहौल

20 साल से लापता टुंडी की महिला केरल में मिलीं, लाया गया धनबाद

परिजनों में खुशी का माहौल

डीजे न्यूज, धनबाद: पूर्वी टुंडी प्रखंड के चुरुरिया पंचायत अंर्तगत दलदली गांव से बीस साल पहले लापता महिला कबली देवी की सकुशल घर वापसी हुई है। फिलहाल उन्हें धनबाद के वन स्टॉप सेंटर (OSC) में सुरक्षित रखा गया है।
20 साल पहले अचानक वह अपने गांव से कहीं चली गई थीं। लंबे समय तक खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार जनों ने उन्हें मृत मान लिया था और उनके पति ने दूसरी शादी कर ली थी।

कबली देवी केरल के कालीकट (कोझिकोड) में मिलीं, जिसके बाद उन्हें वहां के सरकारी आशा भवन (महिला) में रखा गया था। इस पूरे मामले में केरल के स्थानीय पुलिस इंस्पेक्टर  शिवनमुनाथिल (Shivanmunathil) ने बेहद मानवीय और सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कड़ी मेहनत कर महिला के धनबाद स्थित घर का पता लगाया और फोन के माध्यम से धनबाद के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

सूचना प्राप्त होते ही जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें जिला बाल संरक्षण इकाई के परामर्शदाता मदन मोहन महथा एवं वन स्टॉप सेंटर की चौकीदार आरती कुमारी को शामिल किया गया। यह टीम 23 जून से 28 जून तक यात्रा कर कबली देवी को सकुशल वापस लेकर धनबाद पहुंची। वर्तमान में उन्हें धनबाद के वन स्टॉप सेंटर (OSC) में सुरक्षित रखा गया है।

कबली देवी के एक बड़े बेटे और एक बेटी हैं, जिनका विवाह हो चुका है और वे टुंडी में ही रहते हैं। मां के जीवित होने और 20 साल बाद वापस लौटने की खबर से परिवार में खुशी और भावुकता का माहौल है। उनकी बेटी ने सूचित किया है कि वह कल अपनी मां से मिलने वन स्टॉप सेंटर (OSC) आ रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top